प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक धर्मेश नरेंद्र संगानी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुलाई 2026 को फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA), 1999 के तहत कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी को विदेशों में अघोषित संपत्तियों, बैंक खातों और संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
ईडी की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कंपनी के कुछ निर्यातों का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर भारत नहीं लाया गया। इतना ही नहीं, बकाया राशि की वसूली के लिए भी कोई ठोस दस्तावेजी प्रयास नहीं किए गए। जांच में यह भी पता चला कि कई मामलों में निर्यात का भुगतान उन विदेशी कंपनियों से प्राप्त हुआ, जिनका नाम न तो एक्सपोर्ट इनवॉइस में था और न ही शिपिंग बिल में खरीदार या प्राप्तकर्ता के रूप में दर्ज था। इससे संदिग्ध क्रॉस-बॉर्डर ट्रांजैक्शन की आशंका और गहरा गई है।
जांच के दौरान कनाडा, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में कई अघोषित विदेशी बैंक खातों और संपत्तियों का भी पता चला है। ईडी के अनुसार, इन खातों और लेन-देन की जानकारी संबंधित भारतीय अधिकारियों को नहीं दी गई थी। इसके अलावा, तलाशी में मिले दस्तावेजों से यह संकेत भी मिला है कि धर्मेश नरेंद्र संगानी की कनाडा स्थित एक अघोषित कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी हो सकती है।
फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी लेन-देन और अघोषित संपत्तियों के जरिए फेमा के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
धर्मेश संगानी से जुड़े ठिकानों पर ED की कार्रवाई, कई अहम दस्तावेज जब्त
Source: Dastak Media