अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर सुर्खियों में है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर दावा किया कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है। ट्रंप के अनुसार, वॉशिंगटन ने बातचीत के लिए सहमति जताई है, लेकिन साथ ही तेहरान को साफ कर दिया गया है कि युद्धविराम (सीज़फायर) अब खत्म हो चुका है। हालांकि, इस दावे पर ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस बीच ईरान ने इज़राइल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसके महत्वपूर्ण ठिकानों या बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया तो उसका सख्त जवाब दिया जाएगा। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहम्मद बाघेरी ज़ोलगदर ने कहा कि किसी भी हमले की स्थिति में इज़राइल को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
ईरान ने अमेरिका पर भरोसा तोड़ने का भी आरोप लगाया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका ने पहले सैन्य कार्रवाई न करने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में हमले कर अपने वादे से पीछे हट गया। उनका कहना है कि अब भविष्य की किसी भी बातचीत का आधार केवल पारस्परिक प्रतिबद्धता होगी, भरोसा नहीं।
तनाव कम करने की कोशिशों के तहत कतर एक बार फिर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, कतर के अधिकारी तेहरान पहुंच चुके हैं और दोनों देशों के बीच रुकी हुई वार्ता को दोबारा शुरू कराने के प्रयास कर रहे हैं।
उधर, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हालिया अमेरिकी हवाई हमलों में 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि 78 लोग घायल हुए हैं। इन हमलों में हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, समुद्री निगरानी प्रणाली और रेलवे ढांचे को निशाना बनाया गया।
वहीं, रूसी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक, सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम ने बुशहर परमाणु ऊर्जा परियोजना पर काम फिर से शुरू करते हुए अपने पहले छह इंजीनियरों को ईरान भेज दिया है। सुरक्षा कारणों से पहले कर्मचारियों को वापस बुला लिया गया था, लेकिन अब परियोजना पर काम दोबारा आगे बढ़ाया जा रहा है।
ट्रंप का खुलासा: ईरान ने मांगी नई बातचीत, अमेरिका ने खत्म किया सीज़फायर
Source: Dastak Media