ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव अब एक बार फिर दुनिया के लिए चिंता का बड़ा कारण बन गया है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) वैश्विक चर्चा का केंद्र बन गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनियों के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के कई इलाकों पर नए हवाई हमले किए हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास, केशम द्वीप, मिनाब और सिरिक समेत कई स्थानों पर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। इन हमलों के बाद ईरान की शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान ने होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने का ऐलान किया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि इस समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जा सकता है। ईरान ने कहा है कि तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों को इस रास्ते से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं, अमेरिकी सेना का कहना है कि वाणिज्यिक जहाज अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे हैं। दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि समुद्र में अमेरिकी और ईरानी नौसेनाओं के बीच झड़प हुई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में खाड़ी क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर बढ़ते हमलों को लेकर चिंता जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य लंबे समय तक बंद रहता है तो वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है, जिसका असर भारत समेत कई देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
अमेरिका-ईरान टकराव तेज, तेहरान पर हमले के बाद होर्मुज स्ट्रेट फिर हुआ बंद
Source: Dastak Media