भारतीय वायुसेना (IAF) का AN-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान लैंडिंग के बाद हादसे का शिकार हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में वायुसेना के पांच जवानों की मौत हो गई, जबकि को-पायलट गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
वायुसेना के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया और बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं।
शहीद हुए वायु योद्धाओं की पहचान स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम के रूप में हुई है। वायुसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके साहस तथा समर्पण को नमन किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार AN-32 विमान जोरहाट स्टेशन के पास ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई। भारतीय वायुसेना ने बताया कि यह एक नियमित उड़ान थी और दुर्घटना स्थल पर सभी आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हैं।
फिलहाल अधिकारियों ने दुर्घटना के संभावित कारणों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वायुसेना ने कहा है कि जांच में सामने आने वाली नई जानकारी समय-समय पर सार्वजनिक की जाएगी।
जोरहाट में AN-32 हादसे के बाद जांच के आदेश, IAF ने दी पहली प्रतिक्रिया...
Source: Dastak Media