प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया इतिहास रच दिया है। 10 जून 2026 को उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के बाद दुनिया भर के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई राष्ट्राध्यक्षों ने पीएम मोदी की सराहना की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपना मित्र बताया। ट्रंप ने लिखा कि नरेंद्र मोदी एक महान प्रधानमंत्री हैं और आने वाले वर्षों में उनके नेतृत्व में भारत और भी बड़ी सफलता हासिल करेगा। उन्होंने मोदी को मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान नेता बताया। ट्रंप के संदेश का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि वह भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं, जिससे दोनों देशों और पूरी दुनिया को लाभ मिलेगा। वहीं, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने भारत में हुए बदलावों और भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत करने में मोदी की भूमिका की प्रशंसा की। नेतन्याहू ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं और आने वाले वर्षों में भी वह पीएम मोदी के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हैं। बता दें कि नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 10 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो चुके हैं, जिससे उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।