हरतालिका तीज का व्रत के दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं. मान्यता है कि तीज की रात किए गए कुछ उपाय विवाह संबंधी अड़चनों और धन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में सहायक माने जाते हैं.
आज सुहागनों ने हरतालिका तीज का व्रत रखा है. हरतालिका तीज पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का विशेष महत्व है. इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना करती हैं. वहीं, अविवाहित युवतियां मनचाहे जीवनसाथी की इच्छा से व्रत रखती हैं. ज्योतिषविदों के अनुसार, हरतालिका तीज की दिव्य रात कुछ विशेष उपाय करने से प्रेम, विवाद और धन से जुड़ी समस्याओं को दूर किया जा सकता है.
1. बार-बार टूट रहा रिश्ता
अगर विवाह का रिश्ता बार-बार टूट जाता है, तो तीज की रात पीले वस्त्र पहनकर भगवान शिव के मंदिर जाएं. शिवलिंग पर सफेद चंदन और जल चढ़ाएं. माता पार्वती को कुमकुम अर्पित करें. इसके बाद 'ॐ पार्वतीपतये नमः' मंत्र का 108 बार जाप करें. पूजा में चढ़ाए गए कुमकुम को अपने पास रख लें. मान्यता के अनुसार, इसे नियमित रूप से माथे पर लगाने से विवाह संबंधी मनोकामनाओं की पूर्ति हो सकती है.
2. दांपत्य जीवन में दिक्कत
पति-पत्नी के बीच अक्सर मतभेद रहते हैं, हरतालिका तीज पर पूर्ण श्रृंगार करें. इसके बाद शिव मंदिर जाकर भगवान शिव को इत्र और जल अर्पित करें. माता पार्वती को सिंदूर और चुनरी चढ़ाएं. 'ॐ गौरीशंकराय नमः' मंत्र का 108 बार जाप करें. पूजा में अर्पित चुनरी में 11 रुपए बांधकर अपने पास रखें. यह उपाय वैवाहिक जीवन में प्रेम और तालमेल बढ़ाने की कामना से किया जाता है.
3. मनचाहा जीवनसाथी
मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए हरतालिका तीज की रात एक दिव्य मंत्र का जाप करें. मंत्र है- हे गौरीशंकर अर्धांगी यथा त्वां शंकर प्रिया। तथा माम कुरु कल्याणी, कान्तकांता सुदुर्लभाम।। जाप के लिए रुद्राक्ष की माला का प्रयोग करें. शाम के समय संपूर्ण श्रृंगार करके इस मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है.
4. आर्थिक तंगी
यदि घर में पैसों की तंगी और आर्थिक मोर्चे पर हालात ठीक नहीं है तो प्रदोष काल या रात्रिकाल में भगवान शिव मंदिर जाकर शिवलिंग के सामने एक दीपक जलाएं. आर्थिक मोर्चे पर लाभ के लिए शिवलिंग पर कुछ अक्षत अर्पित करें.
मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए तीज की रात करें ये खास मंत्र का जाप
Source: Dastak Media