मुंबई में गणेश पूजा के दौरान हादसों का सिलसिला जारी है. रविवार को लालबागचा राजा गणेश पंडाल में बिजली के फीडर पिलर में शॉर्ट सर्किट का मामला सामने आया है. हालांकि समय रहते नियंत्रण कर बड़ा हादसा टल गया. इससे पहले ही भी रविवार को सुबह एक दूसरे गणेश पंडाल के पास करंट लगने से 8 साल की बच्ची और एक महिला की मौत हो गई थी. मुंबई के प्रसिद्ध 'लालबागचा राजा' गणेश पंडाल में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया. गणेशोत्सव के दौरान इस पंडाल परिसर में लगे बिजली के 'फीडर पिलर' में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. हालांकि, गनीमत ये रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और नागरिक अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, फीडर पिलर में शॉर्ट सर्किट की जानकारी मिलते ही तकनीशियन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. तुरंत कार्रवाई से चिंगारी को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया. बता दें कि फीडर पिलर बिजली वितरण का एक आउटडोर कैबिनेट या एनक्लोजर होता है. इसमें सर्किट ब्रेकर, फ्यूज और स्विच जैसे टूल्स लगे होते हैं, जिनसे बड़े पैमाने पर बिजली सप्लाई कंट्रोल की जाती है. लालबाग का गणेश पंडाल पूरी मुंबई में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले और सबसे लोकप्रिय गणेशोत्सव स्थलों में से एक है. यहां रोजाना भारी भीड़ उमड़ती है और लाखों की संख्या में श्रद्धालु बप्पा के दर्शन करने पहुंचते हैं. * करंट से हुई थी दो लोगों की मौत * हालांकि, इस घटना से ठीक पहले रविवार तड़के लालबाग इलाके में एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला था. लालबाग में ही एक दूसरे गणेश पंडाल के पास एक अस्थायी पीने के पानी के स्टॉल पर अचानक बिजली का करंट दौड़ गया था. इस दौरान करंट लगने के कारण 8 साल की एक मासूम बच्ची और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी. वहीं, करंट की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए थे. घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.