Bay of Bengal Deep Depression: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर एक बार फिर तेज होने वाला है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के असर से पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रह सकता है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव (Deep Depression) अब पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के मौसम को तेजी से प्रभावित कर रहा है. इसके असर से कई राज्यों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है. इसके असर से ओडिशा के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है. मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने कई जिलों में प्रशासन को अलर्ट कर दिया है. सात जिलों में 24 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया गया है, जबकि सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है.
मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा के मुताबिक, यह सिस्टम 23 सितंबर की रात करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जमीन से टकरा सकता है. डीप डिप्रेशन, कम दबाव वाले क्षेत्र से ज्यादा ताकतवर लेकिन चक्रवाती तूफान से कम तीव्र वेदर सिस्टम होता है. ओडिशा के अलावा कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
* दिल्ली-NCR में अभी ड्राई रहेगा मौसम *
वहीं दिल्ली-NCR के लिए फिलहाल कोई बड़ा मौसम अलर्ट नहीं है और यहां बुधवार को मौसम सामान्य तौर पर सूखा रहने का अनुमान है. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 28 सितंबर तक आईएमडी ने मौसम में बदलाव से संबंधित कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. उत्तर-पश्चिम भारत से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी का दौर शुरू हो चुका है, जिसका असर दिल्ली के मौसम पर भी दिख रहा है. आसमान साफ रहने से दिन के तापमान में ज्यादा राहत नहीं मिलेगी और अधिकतम तापमान करीब 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सप्ताह के आगे बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. खासकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है.
* यूपी और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट *
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बुधवार को कुछ जगहों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी में गुरुवार से गरज और बिजली चमकने की संभावना है, जबकि 25 सितंबर से कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी सप्ताह के आखिर में बारिश बढ़ने का अनुमान है. यहां 26 सितंबर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड में शुक्रवार से कई इलाकों में बारिश फैल सकती है. इसके बाद शनिवार से कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए बारिश वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है.
* बिहार में गुरुवार-शुक्रवार को भारी बारिश *
बिहार में बुधवार को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. इसके बाद गुरुवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. आईएमडी के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को बिहार के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. यानी राज्य में अगले दो दिन मौसम के लिहाज से ज्यादा सक्रिय रह सकते हैं.
* ओडिशा और झारखंड में भी तेज बारिश *
ओडिशा में बुधवार को कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है. कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ आंधी जैसी स्थिति भी बन सकती है. बुधवार और गुरुवार को मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. झारखंड में भी बुधवार को ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अनुमान है. कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज और बिजली चमक सकती है.
* ओडिशा में 33 ODRAF टीमें तैनात *
संभावित आपदा से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने 33 ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) टीमों को तैनात किया है. इनमें 24 टीमें संवेदनशील जिलों में भेजी गई हैं, जबकि 9 टीमों को गंजाम के छत्रपुर में रिजर्व रखा गया है. गंजाम, गजपति, कोरापुट, मलकानगिरी, रायगढ़ा, कालाहांडी और बलांगीर में बचाव दल तैनात किए गए हैं. जरूरी सामान, मेडिकल और आपात सेवाओं को भी तैयार रखा गया है. नदियों, जलाशयों और बांधों में पानी के स्तर की लगातार निगरानी की जा रही है.
आईएमडी ने 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होने की संभावना है. 24 और 25 सितंबर के लिए कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण ओडिशा में 23 और 24 सितंबर को बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है. 25 और 26 सितंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है.
* दो दिन तक समुद्र में जाने पर रोक *
मौसम खराब रहने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 24 सितंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट के पास समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है. आईएमडी के मुताबिक 23 सितंबर की सुबह से 24 सितंबर की शाम तक इन तटीय इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पुरी प्रशासन ने समुद्र तटों पर लाल झंडे लगाए हैं और 24 सितंबर तक समुद्र में नहाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. वहीं पहाड़ी और भूस्खलन वाले इलाकों में सड़कें साफ करने के लिए अर्थमूविंग मशीनें तैनात की गई हैं.
* छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश में भी बदलेगा मौसम *
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ पर भी मौसम विभाग की नजर है. यहां बुधवार को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गुरुवार को अत्यधिक भारी बारिश का दौर भी संभव है. बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. विदर्भ में भी बुधवार से शनिवार तक भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में बुधवार से कई इलाकों में बारिश हो सकती है और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में फिलहाल छिटपुट बारिश का अनुमान है.
* कर्नाटक, आंध्र, तेलंगाना में भारी बारिश *
दक्षिण भारत में बुधवार को बारिश का दौर सक्रिय रह सकता है. तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है. आईएमडी ने गुरुवार को तटीय कर्नाटक में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी गुरुवार को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है.
* महाराष्ट्र के इन इलाकों में भी होगी बारिश *
कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र में बुधवार को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं का अनुमान है. मराठवाड़ा में छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर बुधवार को भारी बारिश भी संभव है.
* पूर्वोत्तरी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी *
असम और मेघालय में बुधवार को कई जगहों पर बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. असम और मेघालय में शुक्रवार तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
बिहार में गुरुवार-शुक्रवार भारी बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी
Source: Dastak Media