महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत शिवसेना (UBT) के छह लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलों के बीच राज्यसभा सांसद और शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि “शिंदे प्रेग्नेंट थे और उन्होंने छह गद्दार सांसदों को जन्म दिया है।”
शिवसेना (UBT) की बैठक में बोलते हुए संजय राउत ने कहा कि इन घटनाओं को संभालने के लिए आगे चलकर शिंदे को “सिजेरियन सर्जरी” की जरूरत पड़ सकती है। उनका इशारा इस ओर था कि फिलहाल भले ही सब कुछ ठीक दिखाई दे रहा हो, लेकिन इसके परिणाम भविष्य में सामने आएंगे।
सोमवार को आयोजित बैठक में आदित्य ठाकरे, सुनील राउत, अजय चौधरी, भास्कर जाधव समेत कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी के भीतर चल रही उठापटक पर चर्चा की गई।
इस बीच मीडिया ने जब उद्धव ठाकरे से बागी सांसदों को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने फिलहाल इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि समय आने पर वह खुद अपनी बात रखेंगे।
संजय राउत ने आगे कहा कि “गद्दारों की कोई विचारधारा नहीं होती।” उन्होंने ओमराजे निंबालकर पर भी निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। राउत का कहना था कि शिवसेना को कमजोर करने का मतलब महाराष्ट्र की एकता को कमजोर करना है।
वर्तमान में महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना (UBT) के 20 विधायक और 6 एमएलसी हैं। वहीं, छह सांसदों के पार्टी छोड़ने की चर्चाओं के बीच लोकसभा में पार्टी के पास केवल तीन सांसद बचे होने की बात कही जा रही है।
‘शिंदे प्रेग्नेंट थे और छह गद्दारों को जन्म दिया’, संजय राउत का विवादित बयान...
Source: Dastak Media