दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) प्रवेश प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, 26 जून की देर रात शुरू हुए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) फेज-1 के तहत 28 जून शाम 5 बजे तक 41,473 छात्रों ने पंजीकरण कराया है। अब अभ्यर्थियों की नजर CSAS फेज-2 पर है, जिसकी शुरुआत जल्द होने वाली है। इस चरण में छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन करेंगे, जिसके आधार पर सीट आवंटन किया जाएगा।
स्नातकोत्तर (PG) प्रवेश में भी छात्रों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली है। दो चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तक 9,675 अभ्यर्थियों ने दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश सुनिश्चित किया है। इनमें 4,926 छात्रों ने अपनी आवंटित सीट फ्रीज कर दी है, जबकि 3,745 उम्मीदवारों ने बेहतर विकल्प की उम्मीद में अपग्रेड का विकल्प चुना है। विश्वविद्यालय जल्द ही मिड-एंट्री, तीसरे राउंड और प्रदर्शन आधारित कार्यक्रमों की सीट आवंटन संबंधी नई समय-सारिणी जारी करेगा।
बीटेक पाठ्यक्रमों के पहले राउंड में अब तक 233 अभ्यर्थियों ने सीट स्वीकार की है और 41 छात्रों ने फीस जमा कर प्रवेश पक्का कर लिया है। पहले राउंड की फीस जमा करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई 2026 तय की गई है। वहीं, पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ कार्यक्रम के तीसरे राउंड में अब तक 105 छात्र प्रवेश ले चुके हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे दस्तावेज सत्यापन, सीट स्वीकृति और फीस जमा करने जैसी सभी जरूरी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के समय पर पूरी हो सके।
DU Admission Update: यूजी में 41 हजार से ज्यादा आवेदन, फेज-2 की तैयारी शुरू
Source: Dastak Media