मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप ने पश्चिमी मुंबई के अंधेरी स्थित 101.4 एकड़ में फैली जुहू गली झुग्गी बस्ती के पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) की बोली जीत ली है। इसके साथ ही रिलायंस ने उस क्षेत्र में कदम रखा है, जहां उसका प्रतिद्वंद्वी अडानी ग्रुप पहले से धारावी पुनर्विकास परियोजना पर काम कर रहा है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) ने बताया कि रिलायंस 4IR रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम को यह प्रोजेक्ट सौंपा गया है। इस योजना के तहत क्षेत्र में रहने वाले पात्र परिवारों के लिए 28,000 से अधिक पुनर्वास आवास बनाए जाएंगे।
इस टेंडर के लिए JSW ग्रुप और शापूरजी पलोनजी ग्रुप ने भी बोली लगाई थी, लेकिन अंततः रिलायंस को सफलता मिली। पिछले कुछ वर्षों में महाराष्ट्र सरकार की नई नीतियों के कारण बड़े कॉर्पोरेट समूह झुग्गी पुनर्विकास क्षेत्र में तेजी से रुचि दिखा रहे हैं।
नवंबर 2025 में राज्य सरकार ने नया ढांचा लागू किया था, जिसके तहत 50 एकड़ या उससे अधिक के जुड़े हुए भूभाग के पुनर्विकास के लिए निवासियों की सहमति अनिवार्य नहीं होगी। साथ ही डेवलपर्स को अतिरिक्त विकास अधिकार और ऊंची इमारतों के निर्माण की अनुमति भी दी जाती है।
निवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए रिलायंस को अगले दो वर्षों में अस्थायी किराये के लिए लगभग 7 अरब रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अलावा कंपनी को एक वर्ष के अतिरिक्त किराये की लागत और 1 अरब रुपये की परफॉर्मेंस गारंटी भी जमा करनी होगी।
SRA का कहना है कि इस सफल बोली प्रक्रिया से यह स्पष्ट होता है कि देश के बड़े कॉर्पोरेट घराने मुंबई की आवास संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए सरकार के साथ साझेदारी करने में रुचि दिखा रहे हैं।
अंधेरी की 101 एकड़ झुग्गी बस्ती के पुनर्विकास का ठेका रिलायंस ग्रुप को मिला...
Source: Dastak Media