रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की प्रतिभाशाली क्रिकेटर **महक नरवासे** का श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम में चयन हुआ है। उन्हें टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों की टीम में जगह मिली है। इसके साथ ही चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताते हुए उपकप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
राजनांदगांव की रहने वाली महक नरवासे पिछले कई वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। वह छत्तीसगढ़ की अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनकी मेहनत और बेहतरीन खेल का ही परिणाम है कि उन्हें राष्ट्रीय टीम में अहम जिम्मेदारी मिली है।
वर्तमान में महक बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां वह देश की अन्य युवा खिलाड़ियों के साथ अपने खेल को और बेहतर बनाने में जुटी हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टी-20 श्रृंखला 22 जून से शुरू होगी, जिसके बाद वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। इस दौरे में महक उपकप्तान के रूप में भारतीय टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी।
महक के चयन पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री **ओपी चौधरी** ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महक की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कहा कि महक की उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
प्रदेशवासियों को उम्मीद है कि महक नरवासे श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम और ऊंचा करेंगी।
भारतीय अंडर-19 महिला टीम में चमकी छत्तीसगढ़ की महक, श्रीलंका दौरे के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी...
Source: Dastak Media